Nikhil Anand Giri poem। निखिल आनंद गिरि लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Nikhil Anand Giri poem। निखिल आनंद गिरि लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 16 नवंबर 2026

पिता की दवाई का समय

ऊंघता हुआ सूर्य गवाह है

चीटियों की कतार की तरह जा रहे हैं बच्चे

पिता के पदचिन्हों पर

कदमताल करते।

यह बूढ़ी गंडक की गोद में

प्रतीक्षा का पर्व है महान

कोहरे की चादर के बीच

डूबते सूर्य को अर्घ्य और ठेकुए का अनुष्ठान।


घाट अब घाट नहीं रहे

गांव अब गांव नहीं रहे

बच्चे अब बच्चे नहीं रहे

आकाशवाणी से सीधा प्रसारण भी

अब प्रसारण जैसा नहीं रहा

छठ अब भी वही है।

ट्रेनों की खिड़की से ठूंसकर

आ रहे हैं बिदेसिया

पिता अब अकेले हैं

दउरा और सूप के बीच

टिमटिमा रहे दीए की तरह।


इस बीच कई महामारियां आईं

किसी की आवाज़ नहीं है

किसी का जीवनसाथी

शारदा सिन्हा भी नहीं है

और न ही कोसी भरने वाला हाथी

सूखा आया, बाढ़ और कोरोना

घाट के नाम पर रह गया छत का कोना

अपनी छड़ी से समय की छाती

पर ठक ठक चलते

पिता अब भी हैं

यह राहत की बात है।


सूर्य है अब थोड़ा मटमैला

आकाश में सिर्फ अनार और फुलझड़ी का धुआं है

रेडियो के भीतर का उद्घोषक

बोलने की जगह खांसने लगा है।

घाट पर कुलांचे भरने वाले पिता

अब छत पर भी नहीं जा सकते

यह पिता की दवाई का समय है

थोड़ा साहस भरकर

छत पर निकलेंगे पिता

सूर्य के निकलने का समय

तब आएगा।



निखिल आनंद गिरि

ये पोस्ट कुछ ख़ास है

पिता की दवाई का समय

ऊंघता हुआ सूर्य गवाह है चीटियों की कतार की तरह जा रहे हैं बच्चे पिता के पदचिन्हों पर कदमताल करते। यह बूढ़ी गंडक की गोद में प्रतीक्षा का पर्व...