निखिल आनंद गिरि लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
निखिल आनंद गिरि लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 11 मई 2026

आज की कविता और हमारा समय

बीसवीं सदी के अंतिम दो दशक अनेक दृष्टियों से वैविध्यपूर्ण और घटना बहुल रहे। इस समय के राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय प्रभावों ने, जिसके अंतर्गत – भूमंडलीकरण, उदारीकरण, निजीकरण, सत्ताओं का गंठजोड़, आंदोलनों की गूंज, घोटाले, आतंकवादी और नक्सली गतिविधियों, सांप्रदायिकता में उभार, फ्री मीडिया, मध्यम वर्ग में आर्थिक बदलाव, रोज़गार की कमी आदि प्रमुख घटनाएं रहीं, ने समाज तथा कविता को गहरे प्रभावित किया।

इसके ठीक बाद एक कवि के तौर पर साहित्य की दुनिया में पहली बार मैंने इक्कीसवीं सदी के पहले दशक में प्रवेश किया। दो कमरों के घर में चार भाई-बहन मां की निगरानी में रहते थे, पिता बाहर नौकरी करते थे। झारखंड में रांची नई-नई राजधानी बनी थी। शहर होने के अंकुर फूट ही रहे थे। टेंपो में मध्यमवर्गीय लोग बैठते थे तो साथ में किसी आदिवासी महिला के झोले से मुर्गा भी मुंडी निकाले शहर को निहारता था। पानी की किल्लत में दो रुपये प्रति टीन आदिवासी लड़के अपने कंधों पर पानी लादे घर पहुंचाया करते थे। पानी सुबह और शाम सिर्फ एक-एक घंटे के लिए आता था।

कविताएं लिखना बेहद मुश्किल था। घर में साहित्य का कोई स्पेस या माहौल नहीं था। कविता की कोई पंक्ति मन में आए तो कागज़ पर लिखकर उसे छिपाकर रखना पड़ता था कि किसी की नज़र न पड़ जाए। छिप-छिप कर किसी अख़बार में कविताएं भेज भी दी तो ये पूछने में भय लगता था कि कब छपेंगी, छपेंगी भी या नहीं। यह मेरे जैसे कई नये कवियों की एक-सी कहानी है, जो इस सदी की पूरी चौथाई में लिख रहे हैं। इसी समय सुखद संयोग की तरह डिजिटल युग आया जहां लिखना-पढ़ना सब आसान हो गया। मरी दृष्टि में इस सदी की सबसे महत्त्वपूर्ण घटना की तरह दखना चाहिए जिसन कविताएं लिखने और इसक प्रसार के सारे मानकों को बदल कर रख दिया।

मैं इसे दो तरह से देखता हूं। पहला सकारात्मक पहलू ये है कि डिजिटल प्लैटफॉर्म के ज़रिए लिखना आसान हुआ है। आपको किसी संपादक के ग्रीन सिग्नल का इंतज़ार नहीं करना पड़ता किसी कविता के छपने के लिए। महीने-दो महीने, पांच-छह महीने और सालों निकल जाते हैं कई बार और कुछ भी जवाब नहीं आता किसी पत्रिका से। तो उस मठाधीशी को तोड़ा है डिजिटल प्लैटफॉर्म ने। ये एक तरह का पैराडाइम शिफ्ट (आमूल परिवर्तन) था हिंदी में। हिंदी साहित्य में दखल देने के एक पूरे प्रोसेस को चुनौती थी। बहुत विरोध हुआ, सीनियर, स्थापित साहित्यकारों ने हेय दृष्टि से देखना शुरू किया नए इंटरनेट छाप कवियों को। अब वो सब डिजिटल मंचों पर खुशी-खुशी आते हैं और साथ में कविता पाठ होते हैं।

इस विस्फोट की चुनौती ये है कि आवारा लोकप्रियता के ट्रेंडिंग दौर में कविता कहीं खो न जाये। बधाई, लाइक्स और वायरल रील्स के दौर में कविता अब अंतरों में नहीं पंक्तियों में सिमट कर रह गई है।

आचार्य मम्मट ने काव्य प्रयोजन के संदर्भ में यश को पहला प्रयोजन स्वीकार करते हुए लिखा है – काव्यं यशसेर्थकृते व्यवहारविदे शिवेतरक्षते। सद्य: परिनिर्वृत्तये कांत सम्मिततयो पदेशयूजे। अर्थात् काव्य का प्रयोजन यश, अर्थ-प्राप्ति, व्यवहार की शिक्षा देना और जीवन के शिव पक्ष की रक्षा करना है। पोएट्री के ज़रिए यश यानी मशहूर होने से किसी को दिक्कत नहीं है। सवाल है शॉर्ट कट का।

जामिया में जब पढ़ने आया था तो शैलेश भारतवासी हिंदयुग्म नाम का सुंदर ब्लॉग चलाया करते थे। उसमें हर महीने यूनिकोड में टाइप की गई हिंदी कविताएं आमंत्रित की जाती थी और महीने के अंत में विजेता यूनिकवि घोषित किया जाता था। मैं भी हिंदी के इस रोचक अभियान से तन-मन-धन से कुछ दिन जुड़ा, फिर एक बार पता चला कि उस प्रतियोगिता की निर्णायक मंडली में एक महिला मित्र हैं, जो अपनी कविताएं भी उसी प्रतियोगिता के लिए बतौर प्रतिभागी भेजती हैं! शुक्र है कि इस तरह का शॉर्टकट रास्ता प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिकाओं में नहीं होता।

मैंने पिछले कुछ समय के अपने अध्ययन में इसी दृष्टिकोण को ध्यान में रखकर तीन लोकप्रिय डिजिटल माध्यमों पर नज़र दौड़ाई है। ये माध्यम हैं – ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम। मेरा ख़ुद से सवाल ये था कि कौन सा माध्यम कविता के लिए सबसे उपयुक्त हो सकता है।

ट्विटर (अब एक्स) पर एक पोस्ट लिखने की शब्द सीमा मात्र 280 कैरेक्टर्स हैं। कैरेक्टर का मतलब वर्णों के साथ कॉमा, पूर्णविराम भी गिनती में आते हैं। इतने कम शब्दों या कैरेक्टर्स में कविता लिखने का दौर शायद अभी नहीं आया है। वैसे भी ट्विटर का उपयोग भारत में ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए ज़्यादा होता है बजाय कविता के। तो मैं इसे एक अकलात्मक या APOETIC माध्यम मानूंगा।

फेसबुक हम जैसे ऑरकुट की पीढ़ी वालों का मक्का-मदीना है। क्या खाया, कहां घूमे, क्या बनाया, करवा चौथ का चांद दिखा कि नहीं आदि निजी बातों को शेयर करने का सटीक माध्यम। मैं ख़ुद इस पर फेसबुक ट्रैवल्स के नाम से एक सीरीज़ बरसों से चलाता हूं और इसमें तरह-तरह की तस्वीरें या दो-चार पंक्तियों में अपनी बात कहता रहा हूं। मगर, कविताओं के लिहाज़ से ये माध्यम भी सबसे उपयुक्त नहीं कहा जा सकता क्योंकि इसका दायरा आपके अपने दोस्त-यार, सगे-संबंधी हो सकते हैं, जो बिना पेड प्रोमोशन के बहुत सीमित है।

एक तीसरा माध्यम है इंस्टाग्राम जो मुझे तो बहुत आकर्षित नहीं करता मगर मेरे बाद की पीढ़ी जो अभी कॉलेज में है या अभी-अभी कविता का कीड़ा लगा है, उसके लिए सबसे सटीक है। इसकी पहुंच भी असीमित लोगों तक है और यहां पर्सनल और प्रोफेशनल दोनों तरह के कंटेंट ख़ूब शेयर किए जाते हैं। हैशटैग और टैग यहां तसल्लीबख्श इस्तेमाल किए जाते हैं। और तस्वीरों के साथ फोटो लगाने वाली पीढ़ी छोटी कविताओं के साथ आसानी से आकर्षक तस्वीरें, फॉन्ट, टेंपलेट वगैरह शेयर करती है। यानी कविता यहां सिर्फ कविता नहीं है। वो अपनी पैकेजिंग में आपके दिमाग़ में थोड़ी देर ठहरती है। अब उसमें अगर कंटेंट हुआ तो बहुत देर तक भी आपके साथ रह जाएगी।

अगर आपने नए दौर के बेस्टसेलिंग डिजिटल कवियों के बारे में थोड़ा बहुत भी सुना है तो रूपी कौर के नाम से ज़रूर वाकिफ़ होंगे। उनकी अंग्रेज़ी कविताओं का संग्रह मिल्क और हनी तो इतना बिका जितना हिंदी के बड़े-बड़े कवि सपने में भी नहीं सोच पाएंगे। उनकी इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर मैं गया तो कम से कम सौ पोस्ट्स बिल्कुल एक जैसे मेक अप में दिखीं। बीच में एकाध लाइन की कविता और दाएं-बाएं दो तस्वीरें।

I have never known anything more quietly loud than anxiety. इस एक लाइन की कविता पर दो लाख 58 हज़ार 243 लाइक्स हैं। ऐसी कविताओं के ज़रिए अमेज़ॉन प्राइम पर उनका एक घंटे का एक शो भी है। मुझ जैसा हिंदी कवि सिर्फ अमेजॉन प्राइम या नेटफ्लिक्स जुगाड़ करके देखता रह जाता है, रूपी वहां सेलेब्रिटी बन जाती हैं।

इंस्टाग्राम पर हिंदी कवियों का हाल भी ठीकठाक ही है। मैंने सर्च बॉक्स में हिंदी कविता लिखा तो कई सारे पेज दिखे। कई सारे कवि भी। जैसे एक पेज दिखा – हिंदी कविता संसार। इसकी टैगलाइन है-Connecting New Generations to Hindi Kavita। फिर वहां सुंदर बैकग्राउंड में नागार्जुन, केदारनाथ सिंह, विनोद कुमार शुक्ल, अशोक वाजपेयी की चर्चित कविताओं के टुकड़े हैं। इस पेज के एक हज़ार से अधिक फॉलोवर्स हैं जो संतोषजनक है।

कुछ और इंस्टाग्राम पेज पर भी गया जहां फॉलोवर्स तो हज़ार से अधिक थे, मगर कविताओं के नाम पर पोस्टर पर लिखे कोटेशन और सस्ती शायरी ही अधिक मिली।

कहा जा सकता है कि आज के कवियों में कबीर, तुलसी, रैदास, मुक्तिबोध, निराला,  नगार्जुन, केदारनाथ सिंह आदि कवियों जैसे सारगर्भित कहने और अपने समय के विपरीत लिखने का साहस या इच्छाशक्ति कम ही दिखती है।

दरअसल. कविता समाज से अलग-थलग रहकर किया जाने वाला स्वतंत्र कार्य नही है।  इसमें रचनाकार अपने संसार के बरक्स एक प्रति-संसार रचते हुए अपने पाठकों को, जो है उससे बेहतर में, ले जाने की सदिच्छा रखता है। कविता अपने समय का मूल्यांकन भी करती है और नई काव्यवस्तु के लिए ज़मीन भी तैयार करती है।

कविता से प्रतिबद्धता और जवाबदेही खत्म होती जा रही है। वर्तमान कविता से मौन, अनकहा, स्पेस आदि कम या गायब होते जा रहे हैं, जोकि पहले की कविता को प्रासंगिक बनाता था। वर्तमान कविता से कैरियर की गंध पनपती जा रही है।

आज की कविता की यह उपलब्धि ही मानी जाएगी कि समाज के सरोकारों के बराबर वे कुछ अत्यंत मामूली से दिखने वाले, बेहद मामूली सवालों को अपने कविताओं में उठाने लगे हैं, जो वास्तव में यथास्थितिवाद को चुनौती देते हैं। आज दलित, आदिवासी, ट्रांसजेंडर और स्त्री, जो सनातन से चुप्पी साधे थे, कविता में बोलने लगे हैं। आज की कविता का एक बड़ा हिस्सा इन बोलियों से भी गुंजित है।

मेरी समझ में कविता तीन प्रमुख तत्वों से बनती है – स्मृति, अनुभव और विचार। इस सदी की पहली चौथाई पूरा होने को है। और नई सदी में प्रविष्ट होने के बावजूद हम पिछले दशक की धड़कनों को महसूस कर सकते हैं।

ग्लोबल और लोकल जैसे विभाजन कविता के वर्तमान के लिए अब भी संकट हैं। भूमंडलीकरण, बाजार, वैचारिक मतभेद भी एक संकट है। वर्तमान समय में किसानों, मजदूरों, श्रमिकों, कारीगरों के साथ- साथ आम जन जीवन, अस्तित्व और मूल जीवन मूल्यों पर अप्रत्याशित संकट है। बहुआयामी विचारधारा जैसे शब्द अब नाम मात्र के रह गए हैं, यहीं कारण है कि वर्तमान कविता भी इससे जूझती दिख रही है।  वैचारिकता का अब बहुत महत्व नजर नहीं आता। उत्सवधर्मिता हावी हो गई है। हमें तुर्की के कवि नाज़िम हिकमत की पंक्तियां ज़रूर याद रहें –

असल कवि अपने प्रेम, अपनी खुशियों या अपने दर्द भर ही में महदूद नहीं रह सकता। ऐसे कवि की कविता में उसके जन को धड़कना चाहिए। सफल होने के लिए कवि ने अपनी कविता में संसार के जीवन पर रोशनी डालनी चाहिए। यह तय है कि जो कवि यथार्थ से बचता है और असंबद्ध विषयों पर बातें करता है, उसकी नियति भूसे में जल जाने के सिवा कुछ नहीं होगी।

निखिल आनंद गिरि

(आलोचना पत्रिका में प्रकाशित, आलोचना-21, 2026)

शुक्रवार, 23 जनवरी 2026

प्रेम ऋण

क़र्ज़दार हूं उन आंखों का

जिन्हें सिर्फ़ सुन्दर दिखा।


एक लड़की जिसने प्रेम में 

मेरे हर अक्षर को वाक्य समझा 

और हर वाक्य को महाकाव्य

मेरी हर मौन उदासी में रोई

मेरे एहसास के साथ ही सोई

यह भरम ही सही जीवन का

मेरे होने से ही उसका जीवन है।


निखिल आनंद गिरि

शनिवार, 9 अगस्त 2025

ग़लत पता

ओ मृत्यु!
तुम क्या किसी गलत द्वार आई थी
हमने तो नहीं बुलाया था तुम्हें
न ही दरवाज़े पर थी किसी दस्तक की आवाज़
दबे पांव कौन आता है संगिनी के भेस में।

अभी तो हम दुख में मुस्कुराना ही सीखे थे
मेरी बच्ची ने अकेलेपन से जीतना शुरू किया था
डॉक्टर उसे सबसे निरीह लगते लगे थे
जब वो देखती उन्हें मूर्तियों के आगे माथा टेक कर
अस्पताल में प्रवेश करते।

अभी तो उसने बोधगया ही देखा था
उड़ता हुआ आख़िरी पत्ता बोधिवृक्ष का
जीवन में उतरना बाक़ी रहा बुद्ध का।

चूहों का एक मंदिर होता है
अभी अभी जाना हमने
दूध पीकर सफेद चूहे कितने विस्मय से देखे उसने

कितने झूले, कितनी नदियां, कितने शहर
अभी घूमना रहा बाक़ी 
एसी के सारे डिब्बे में नहीं चढ़ी अब तक
हवाई जहाज़ बस दूर से देखा था उसने

न रांची के पहाड़ी मंदिर गई
न कोलकाता के दीघा घाट
न सिलीगुड़ी की चहल पहल
न केरल के ठाट।

अभी चिपक कर देखनी थी कई फिल्में
भीगना था किसी अल्हड़ बरसात में
मैगी पर गुज़ारनी थी कुछ बातूनी रातें
डिज़्नीलैंड घूमना था साथ में

फिर किस बहाने
किस कारण
आई तुम?

अगर पता ग़लत हो तो 
लौट आती है बैरन चिट्ठियां
क्या मृत्यु ग़लत नहीं होती कभी!


निखिल आनंद गिरि

रविवार, 22 जून 2025

भयानक अंधेरे में दीवार टटोलते कवि का संग्रह है – ‘गीली मिट्टी पर पंजों के निशान’

फ़रीद ख़ां अपने कविता संग्रह गीली मिट्टी पर पंजों के निशान की भूमिका में पहले पन्ने पर ही स्पष्ट करते हैं कि इस संग्रह की सभी संकलित कविताएं वर्ष 2010 से 2020 के बीच लिखी गई हैं। फिर यह भी कि इन कविताओ की जड़ें उनके बचपन और उनके शहर पटना तक जाती हैं। यह एक ईमानदार बयान तो है लेकिन अंतिम सत्य नहीं। यही इस संग्रह को पठनीय बनाता है।

इस संग्रह की कविताएँ सिर्फ अतीत की मीठी गोलियां ही नहीं, अतीत की बुनियाद पर वर्तमान में खड़े कवि और उसके भविष्य की शंकाएँ भी बताती हैं। एक छोटी कविता है, जो इस संग्रह की दूसरी कविता है - वह’, देखिए -

वह गली नुक्कड़ पर तनकर खड़ा था।

लोग आते जाते सिर नवाते चद्दर चढ़ाते उसको।

 

दीमक ने अपना महल बना लिया था, अंदर ही अंदर उसके।

मैंने जब वरदान मांगा तो वह ढह गया। (कविता – वह)

 

दीमक का महल बना लेना एक दिन की प्रक्रिया नहीं होती। लंबा समय लगता है। दीमक जहां घर बना ले, उस जगह को छोड़ देना ही बेहतर होता है। एक कवि अगर इस ख़तरे को पहचानता है तो उसे पढ़ा जाना चाहिए। उस कवि ने अपने समय में, इन कविताओं के रचना काल के लिहाज़ से देखें तो पंद्रह सालों के दौरान, इस दीमक को महल बनाते देखा है और उसमें एक कवि का डर यह है कि वह इन दीमकों से बचकर कहीं नहीं जा सकता। यह बचपन या डर की मीठी स्मृतियां कवि के डर की निर्मिति और प्रवेश भी कविताओं के ज़रिए बताती है।

यह डर सिर्फ मनुष्य के भीतर पनप रहा डर नहीं है। वह हर तरफ से आता है, हर तरफ़ पसरता है। एक बाघ जो शिकारियों से घिर चुका है, वह पलटकर कहता है – मैं तुम्हारे बच्चों के लिए बहुत ज़रूरी हूं, मुझे मत मारो

बाघ फ़रीद की कई कविताओं में कई तरह से आता है। मां ने बाघ के आकार वाली रोटी अपने बच्चे को खाने में दी, नानी के चश्मे से बच्चे बाघ की तरह दिखते हैं।

बाघ से याद आया कि इस कविता के आवरण पृष्ठ पर उदय प्रकाश की टिप्पणी है, जो उन्होंने एक और बाघ’ कविता की तारीफ़ में कही थी। यह कविता अंधेरे में कंदील की तरह है, हाशिये में पड़ी एक ऐसी कविता जो हिंदी कविता में एक प्रस्थान बिंदु की तरह है और आकस्मिक है। यह टिप्पणियां कविता संग्रह के शुरू में नहीं देनी चाहिए वरना रणजी ट्रॉफी में विराट कोहली के खेलने से पैदा हुई अश्लील भव्यता जैसा ख़तरा रहता है। बहरहाल..  

जिन कविताओं में शहर, डर, भविष्य, ख़तरा जैसे तत्त्व एक साथ गुंथकर आते हैं, कविता मारक बनकर उभरती है।

मैंने पूछा उससे केवल एक ही सवाल

जिसने उठा रखा था हथियार क्रांतिकारी के वेश में,

बस एक ही सवाल,

कि अगर सौंप दी गई देश की बागडोर तुम्हें,

तो पहला काम क्या होगा जो तुम करोगे?

हमारा पक्ष चाहिए तो देना होगा जवाब!!!

उसने चला दी गोली, और मैं मारा गया सरेआम!!!! (कविता – मारा गया मैं)

इस तरह से देखें तो यह संग्रह फ़रीद ख़ां की स्मृति, शहर और डर की सूक्ष्म पहचान और उसमें भविष्य के ख़तरे पहचानने का संग्रह है। वर्तमान का डर और भविष्य का ख़तरा इतना अधिक है कि मजबूरी में स्मृतियों के सहारे ख़ुद को पुचकारने की कोशिश की गई है। जैसे फिल्म थ्री इडियट्स में ख़तरे को ‘’ ALL IS WELL” कहकर टरकाता नायक। असलियत यह है कि फ़रीद ख़ां नाम के कवि के पास वर्तमान में मीठी स्मृतियां बस लॉलीपॉप की तरह ही हैं, और इस व्यवस्था या सत्ता में कुछ मीठा सोचने को नहीं है।

पटना की स्मृति में छठ का आना (कविता – छठ की याद में) या गंगा के पानी का मस्जिद को लात मारकर छेड़कर कहना कि अबे मुसलमान, कभी मेरे पानी स नहा भी लिया कर (कविता – गंगा मस्जिद) अनायास नहीं है। यह एक इंसानियत का सपना संजोते हिंदुस्तानी कवि का बारीकी से कविता में राजनैतिक दख़ल है। कविता गंगा की छेड़छाड़ से अठारह साल बाद उस मीनार पर पहुंचकर देखती है कि सरकार ने अब वुज़ू के लिए साफ पानी की सप्लाई करवा दी है। गंगा कवि को देखती है, कवि गंगा को मगर मस्जिद किसी और तरफ़ देख रही है।

जिस रिदम में यह आलेख लिख रहा हूं, उसमें कवि की प्रेम कविताओं का ज़िक्र न किया जाना ही लाज़िम है। कुछ अच्छे मुहावरे हैं (तुमने मुझे सेंका और पकाया है), मेटाफ़र हैं, मगर यह कवि का मूल स्वर नहीं है।

फ़रीद की कविताओं में किस्सागोई बहुत है। लगभग हर कविता कहानी से शुरू होकर कविता बन जाती है। डर की कहानी है। बाघ की कहानी है। लकड़ सुंघवा की कहानी है। दादाजी साइकिल वाले की कहानी है जो इंदिरा गांधी की हत्या पर गुरु नानक की तरह सिर झुकाए निर्विकार से बैठे थे। कंस्ट्रक्शन साइट पर रोटी सेंक रही आदिवासी औरत, व्यवस्था से तंग आकर मजबूरी में नक्सली बने आम आदमी की कहानी है, हत्यारे तक की कहानी है।

कुछ कविताओं के विषय या कहानियां अच्छी हैं, मगर कविता नहीं। कविता की शुरुआत ही एक अच्छी पंक्ति या सूक्ति से होती है और फिर पूरी कविता अपने पूरा होने की औपचारिकता ढोती है। कई बार यह सूक्ति भी अपने आप में एक मुकम्मल कविता या हिंदी काव्य पंक्तियों में पैराडाइम शिफ्ट की तरह हैं –

उसकी बीवी ने अपनी जान बचाने कि लिए आत्महत्या कर ली (कविता – सोने की खान)

वह पंजा ही है जो बाघ और साहित्यकार को बनाता है समकक्ष।

दोनों ही निशान छोड़ते हैं।

मारे जाते हैं। (कविता – बाघ के पंजे)

 

देश को ज़रूरत है सच के प्रशिक्षण की। (कविता – इंसाफ़)

 

अब अख़बार पढ़ने से ज़्यादा बेचने के काम आते हैं (कविता -बिक रहे हैं अख़बार)

 

हिंसा का इतिहास पुरुषों का इतिहास रहा है। (कविता - अपमान की परम्परा का इतिहास)

 

आज़ान की आवाज़ नहीं थी मेरे कान में पहली आवाज़। वह मां की चीख़ थी। (कविता – मैं काफ़िर हूं)

 

कुछ कविताए इस कसौटी पर भी अद्भुत हैं जैसे – क्यों लगता है ऐसा

पता नहीं क्यों हर बार लगता है,

रेल पर सफ़र करते हुए कि टीटी आएगा और टिकट देखकर कहेगा

कि आपका टिकट ग़लत है

या आप ग़लत गाड़ी में चढ़ गए हैं...

 

संग्रह में शिल्प के लिहाज़ से अच्छी और अनुभव की दृष्टि से साहसी कविताओं की कमी नहीं – जैसे मुस्कुराहटें, अल्लाह मियां, चांद, पिटने वाली औरतें, धोखा, मादक और सारहीन।

इस तरह से कुछ ख़राब कविताओं का ज़िक्र भी यहां किया जा सकता था, मगर पंक्तियों के बीच बहुत कुछ छोड़ देना भी ज़रूरी होता है।


कविता संग्रह - गीली मिट्टी पर पंजों के निशान

मूल्य - 260/- रुपए

प्रकाशक - सेतु प्रकाशन

कुल पृष्ठ - 144


निखिल आनंद गिरि

शुक्रवार, 6 सितंबर 2024

मैं लौटता हूं

 प्रिय दुनिया,
बहुत दिनों तक भुलाए रखने का शुक्रिया!
मैं इतने दिन कहां रहा
कैसे बचा रहा
यह बताना ज़रूरी नहीं
मगर सब कुछ बचाते बचाते
खुद न बचने का डर वापस लाया है।

इस बीच एक लंबी रात थी
जो शायद अब भी है
मगर अंधेरे में दिखने लग जाता है
लंबी रातों में।
एक बार उदासी कुछ यूं थी कि
मैंने किसी गिलास को पकड़ने के बजाय
एक औरत की गर्दन पकड़ ली
बहुत देर बाद मालूम हुआ
अंधेरा कितना खतरनाक,
कितना अंधेरा हो सकता है।

मुझे अंधेरे में कई हाथ दिखते हैं
कई गर्दनें दिखती हैं
संभव है ज्यादातर औरतों की गर्दनें हों
मुझे लगता है कि जब देखूंगा
उजाले में उन हाथों को
क्या उनके हाथ में उजाले की गर्दन भी होगी?

इन भुलाए गए बहुत दिनों में
मैं एक बंद कमरे को दुनिया समझता रहा
ऐसा कई लोग करते हैं अपने उदास दिनों में
मगर कहने की हिम्मत नहीं करते।

इसी बीच कुछ प्यार करने का मन हुआ
तो मैंने अपनी चीख से प्यार किया
उस लड़की का चेहरा भी दिमाग में आया
जिसे कभी किसी से प्यार की उम्मीद नहीं रही।
मैं कई बार लड़ा अपने डर से
दवाईयों से, घर से
कई बार तो डॉक्टर से।

तो मैं कहना चाहता हूं जो
सिर्फ इसी भाषा में संभव है
कि दुनिया में कुछ भी इतना प्यारा नहीं
जितना भुलाए जाने का डर।

मैं लौटता हूं
अपने तमाम डर के साथ
कविता की तरह नहीं
बरसों बाद लौटी चीख की तरह।

निखिल आनंद गिरि

शुक्रवार, 24 मई 2024

याद का आखिरी पत्ता

विजय
छल पर निश्छल की
कोलाहल पर शांति की
युद्ध पर विराम की
अनेक पर एक की
हंसी पर आंसू की 
मृत्यु
एक उपलब्धि है
जिस पर गर्व करना मुश्किल है

तुमने वह पा लिया मुझसे पहले
जिसके बाद कुछ पाने की इच्छा नहीं बचती
मृत्यु बुद्ध हो जाना है
रोना, कलपना, मिलना बिछड़ना
सब छोड़ शुद्ध हो जाना है

मन एक साथ इतनी आवाज़ें करता था
अब शांत है
स्मृतियां धीमे धीमे टहलती हैं

हमारी याद में एक नंबर पर चलती गाड़ी है 
एक फिरोज़ी रंग की नहीं खरीदी गई साड़ी है
एक रिसता हुआ नल है
सीलन वाली दीवार है
एक नहीं सुनी गई पुकार है
और कभी न खत्म होने वाला इंतजार है

उस पत्ते पर अब तुम्हारा चेहरा है
जो बोधिवृक्ष से टूट कर गिरा था
हमारी याद में एक पत्ता खड़कता है
और उसे छू लेने को
मुझ सा कोई अनंत तक लपकता है।

निखिल आनंद गिरि

मरने की फुरसत

गो कि यही चलन है मेरी दुनिया का
जीते जी भुला दिए जाते हैं लोग
अब तक तो तुम भूल चुकी होगी मुझको
गो कि मेरी यादों में तुम ज़िंदा हो

ख़ैर बताओ बातें अपनी दुनिया की
कुछ तो अलग दिखाई देता होगा सब
क्या वहां भी पैदल चलना पड़ता है
चलते चलते चप्पल टूट भी जाती है
क्या वहां भी मुझसा कोई हाथों में
टूटी चप्पल लेकर मीलों चलता है

क्या वहां भी छोटी मोटी अनबन पर
साथी यूं ही रूठ जाया करते हैं
या फिर जैसे तुम्हें थी जल्दी जाने की
वहां भी ऐसे हाथ छुड़ाया करते हैं
फिर सालों तक आंसू वाली रातों में
सपने बनकर आया जाया करते हैं?

वहां किताबें तो होंगी ना पढ़ने को
जिसमें कोई फूल की पत्ती रहती हो?
बाग बगीचे घुघू पाखी की चीचीं 
और नदी भी कोई धीमे बहती हो?
यहां नदी में उतरी थीं तो पार गईं 
वहां नदी से आने की ज़िद करती हो?

मेरा क्या है मैं तो जैसा तैसा हूं
तुम्हें ही ज़्यादा सर्दी गर्मी लगती थी
मीठी वाली गोली तुम्हें खिलाने को
मन बहलाने को रखनी ही पड़ती है
वहां की दुनिया में भी क्या बीमारी से
अच्छे भलों की दुनिया रोज़ उजड़ती है?

अब तक तो तुम भूल चुकी होगी मुझको
गो कि मेरी यादों में तुम ज़िंदा हो
इस दुनिया से उस दुनिया की दूरी का
कोई भी अंदाज़ा मुझको मिल जाता
तो मैं बच्चों के साथ कुछ ना कुछ करके
तुमसे मिलने ट्रेन पकड़ के आ जाता

ठीक से रहना, तुम्हें ठीक की आदत थी
मैं तो जैसे तैसे ठीक ही रहता था
तुमको जाने की जल्दी थी चली गईं
वक्त के आगे किसकी लेकिन चलती है
यहां तुम्हारी उम्र भी मुझको जीनी है
मरने की फुरसत ही नहीं निकलती है।

निखिल आनंद गिरि

ये पोस्ट कुछ ख़ास है

मैं तुम्हें आकाश के सब पंछियों में देखता हूं

सारी यादें, सारी बातें, लौ में जलता छोड़ आया हां वहीं पर, मैं वहीं पर मन मचलता छोड़ आया। जो हुआ बस हो गया, उस रात यूं होना नहीं था मैं कहां ...