hindi blogging लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
hindi blogging लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 23 जून 2023

आधा-अधूरा

1) बीमारियां सब बुरी
मगर सबसे बुरी वो
जो पिता को हो

स्मृतियां सब बुरी
मगर सबसे बुरी वो
जिनमें ठुकराए जाने का दृश्य हो

2) अक्षर मिले कई
लुभावने शब्द भी
अर्थ नहीं मिला लेकिन

तुमने जितना लिखा
उतना ही पढ़ा गया मैं
आधा-अधूरा

3) मेरा अंतहीन आकाश बुलाता है
मैं दौड़ता चला जाऊंगा बच्चे की तरह
पीछे से आते
गुर्राते 
कुत्ते रह जाएंगे यहीं।

समय से पहले चला जाऊंगा दुनिया से
इतनी तीव्र इच्छा से दौडूंगा मृत्यु की तरफ

4) लाख चाहता हूं कि तुमसे
अलग करूं ख़ुद को, लेकिन
तुम जैसे मेरे घुटनों का काला धब्बा

हर कोशिश के बाद मुझे
दिख ही जाती हो
और ज़रा सा शर्मिंदा भी
कर जाती हो।

निखिल आनंद गिरि

शुक्रवार, 2 दिसंबर 2016

'बुलेट ट्रेन' वाले देश की एक बिहारी लव स्टोरी

मैं जिस समय में शादी के लायक हुआ, वो हनीमून के बाद किसी समंदर या पहाड़ी के फ्रेम में एक-दूसरे के कंधे पर चढ़कर फोटो शेयर करने का समय है। मगर मैंने अपनी शादी का अगला दिन ऐसी किसी भोली बेवकूफी के बजाय बोधगया में बिताया था। बुद्ध के बारे में थोड़ा-बहुत जानने की कोशिश करते, बोधि वृक्ष से टूटकर गिरता पत्ता लपकते। इस बात के लिए अपनी पत्नी का भी शुक्रगुज़ार हूं।
ख़ैर, गया का ज़िक्र इसीलिए क्योंकि वहां ज़्यादा बार गया नहीं हूं। नोएडा में जब अपनी जापानी दोस्त यूको से उनके घर पर मिला तो बस इतना जानता था कि वो पिछले कुछ साल से हिंदुस्तान में शादी कर के रह रही हैं। जानने की इच्छा हुई कि हिंदुस्तानी समाज में उनके अनुभव कैसे रहे हैं। जिनके ज़रिए यूको से मिला, उन्होंने साफ कहा था कि यूको परायेलोगों से बहुत कम खुलती हैं। मगर यूको ने तो सीधा बिहार का ही रिश्ता निकाल दिया और हमने दो घंटे बातचीत की। उनकी शादी गया के ही सूर्यकांत जी से हुई है जो अब जापानी भाषा के ट्रेनर हैं।
कमाल की कहानी लगी यूको की। जापान से 28 साल की उम्र में अकेली बोधगया घूमने आईं तो पहली बार सूर्यकांत जी मिले। वो पटना में टूरिस्ट होटल चलाते थे। फिर सूर्यकांत जापान के क्योटो में जापानी भाषा सीखने गए। वहां से दो घंटे की बुलेट ट्रेनदूरी पर है ओकायामा शहर जहां की यूको हैं। लगभग एक साल सूर्यकांत जापान में रहे और यूको से बुलेट ट्रेन पकड़ कर मिलने आते रहे। जब लौट कर बिहार आए तो स्काइपी के ज़रिए यूको से बातचीत होती रही। भाषा और सरहद की लंबी दीवार लांघने में पांच साल लग गए। मैं सोचता हूं कि आजकल जब नज़दीक रहकर भी हर साल या महीने में ही प्यार की कहानियां बुझ जाती हैं, वो क्या बिहारीपना रहा होगा कि पांच साल सिर्फ ई-चैटिंग से ही प्यार सुलगता रहा। अगर इंटरनेट की प्रेमकथाओं का कोई इतिहास लिखा जाएगा तो इस कहानी को मेरी तरफ से ज़रूर शामिल किया जाना चाहिए।
यहां मोहल्ले की लड़की से प्यार हो जाए तो मां-बाप को बताने में जान अटकती है। उधर मामला भारत के लड़के और जापान की लड़की का था। भारत के उस हिस्से का लड़का जहां लड़की हंस भी दे तो प्यार होने का भ्रम हो जाता है। यूको ने बताया कि जापान में भी परिवार बहुत मज़बूत संस्था है। शादी के लिए अपनी पसंद का लड़का चुनने की आज़ादी तो है मगर इंडिया का लड़का! यूको ने घर में कुछ नहीं बताया।
मुझे तो सभी बहुएं बिहारी ही लग रही हैं..
यूको के पिता मासायोशी तो इंडिया के बारे में इतना ही जानते हैं कि ये दुनिया का सबसे गंदा देश है। वो इसी डर से आज तक इंडिया नहीं आए और यूको से साफ कहा है कि जब भारत क्लीनहो जाएगा तभी यहां आएंगे। वो इंडिया के बारे में जब इस तरह से जानते हैं तो बिहार के बारे में जान जाते तो क्या होता। यूको ने मन ही मन बहुत बड़ी लड़ाई लड़ी। शायद आज भी लड़ ही रही हैं। मगर सूर्यकांत के भोलेपन ने उन्हें इंडिया आने पर मजबूर कर ही दिया। दोनों ने दिल्ली में चुपके से शादी की और धीरे-धीरे घरवालों को बताया। इस बीच बिना बताए भी यूको के पिता को डरावने सपने आते थे और वो चीख कर रातों को उठकर बैठ जाते थे।
बिहार यूको को बहुत अच्छा लगता है। शुरू-शुरू में दिक्कतें होती थीं। उन्हें अपने बर्तन और चम्मच भी ख़ुद लेकर आना पड़ा था क्योंकि यहां चमचे खाने के अलावा हर काम में इस्तेमाल होते हैं। यूको प्यार से मुस्कुराकर बताती हैं कि बिहार उन्हें बहुत अच्छा लगता है। वहां लोग दूसरों का सम्मान करते हैं। उनके पति शाकाहारी हैं मगर उनके खाने-पीने पर कोई रोक नहीं है। साल में एक-दो बार वो जापान भी जाते हैं। यूको ने अपने सास-ससुर की बहुत तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनकी सास से किसी तरह की लड़ाई नहीं होती क्योंकि दोनों एक-दूसरे का मुंह देखकर रह जाते हैं।

यूको के दोनों बच्चे बहुत प्यारे हैं। अतुलितऔर आशा के नाम में ही इतना इंडिया है जितना यूको में जापान। आशा, अतुलित और उनके दोस्त माया और रियू यहां जब जापानी भाषा की कोचिंग लेने जाते हैं तो वापसी में जमकर हिंदी में ही बात करते हैं। जापान में यूको के माता-पिता अब बूढे हो रहे हैं और उनकी देखभाल में दिक्कत को लेकर बहुत चिंता होती है।
ये कहानी आपको इसीलिए सुना रहा हूं कि हम दुनिया को इन्हीं कहानियों के ज़रिए बेहतर समझ पाएंगे। और बेहतर बना पाएंगे। यूको के गले में न मंगलसूत्र था, न मांग में सिंदूर। उन्हें बिहार ने ऐसे ही स्वीकार किया। उन्होंने भी भारत को। क्या इस तरह की कहानियों को हमारे यहां लोककथाओं में नहीं सुनाया जाना चाहिए जहां सात समंदर पार से एक परी आती है और हमेशा के लिए होकर रह जाती है।
मैंने उन परियों की कहानियां सुनी थीं और अब देखी भी है। वो परी अब मेरी दोस्त है।


निखिल आनंद गिरि

गुरुवार, 20 अक्तूबर 2016

हम सब ‘मिर्ज़्या’ हैं, जिनके पास बिना पिस्तौल वाला एक बचपन है

पंजाब की मिट्टी में सैंकड़ों प्रेम कहानियां दफ्न हैं। मिर्ज़ा-साहिबा की प्रेम कहानी उन्हीं में से एक है। फिल्म में पुरानी लोककथा का इक्कीसवीं सदी में रुपांतर करने की कोशिश की गई है। घुड़सवार की जगह घोड़े की देखभाल करने वाला प्रेमी है। तरकश में तीर की जगह पिस्टल की गोलियां हैं। लड़का-लड़की हैं, बचपन का जवान हो चुका प्रेम है जिसमें घोड़ों के तबेले में बहुत सारे चुम्मे हैं और एक विलेन लड़की का बाप।
मुझे ऐसा क्यूं लगने लगा है कि आजकल जो भी फिल्म देखता हूं उसके बारे में यही राय बनती है कि उसे किसी और दौर में बनना था। मुझे ऐसा क्यूं लगता है कि मिर्ज़ाकी लोककथा का सहारा लिए बगैर भी फिल्म बनती तो ज़्यादा चल पाती। ऐसा इसीलिए क्योंकि हॉल में जब असलीमिर्ज़ा की कहानी का ट्रांज़िशन चलता है तो हॉल के मुट्ठी भर दर्शक जम्हाई लेते हैं क्योंकि उन्हें सिर्फ लैला-मजनूं पता है। फिल्म में नई-पुरानी कहानियों का मिक्स एक बढ़िया प्रयोग है मगर हिंदुस्तान में हिट होने के लिए इसके अलावा भी बहुत कुछ होना चाहिए था।
हिंदी साहित्य की शुरुआती प्रेम कहानियां उसने कहा थाकी तर्ज़ पर लिखी गईं। जिसमें कच्ची उम्र का लड़का लड़की को ठीक से देखकर ही मीठे प्यार से भर उठता है। आज का बच्चा जो गोवर्धन पब्लिक स्कूल जाता है, अपनी सुचित्रासे इतना प्यार करता है कि उसे छड़ी से सज़ा देने वाले टीचर को गोली मार देता है। ये प्रेम कहानियों में एक बड़ी छलांग है। इस शुरुआती मोड़ पर फिल्म अचानक आपको बांध लेती है। लेकिन फिर मिर्ज़्या एक कभी न ख़त्म होने वाली ऐसी प्रेम कहानी के तौर पर आगे चलती है जिसका अंजाम सौ में से निन्यान्बे दर्शकों को पता होता है।
लोककथा का मुखौटा पहनकर बनी 2016 की इस प्रेम कहानी में लोककथा कहीं खर्राटे भर रही होती है। सब कुछ आज के ज़माने का है। टीचर को गोली मारकर फरार हुआ लड़का जब दोबारा लड़की से मिलता है तो उसे किसी और की बाहों में झूलता हुआ देखता है। अपना प्यार भुलाने के लिए लोहे की छड़ से अपनी पीठ पर गुदवाया टैटू मिटवाता है। फिर इतना प्यार करता है, इतना प्यार करता है कि शेर से लड़ाई करनी पड़ती है। गुलज़ार की लिखी हुई फिल्म में सारे गीत अच्छे हैं, संगीत अच्छा है मगर बार-बार दो-चार पात्रों के बीच ही घूमती कहानी अच्छा असर करने के बजाय बोरियत पैदा कर देती है।
निर्देशक राकेश ओमप्रकाश मेहरा रंग दे बसंतीजैसी कोशिश हर बार करते हैं। एक कहानी में कई कहानियां गूंथने की। फिल्म बनाने से पहले अपना होमवर्क भी अच्छे से करते हैं। मगर जो मल्टीप्लेक्स का दर्शक है, उसे कहानियों में इतनी माथापच्ची करने की आदत नहीं। वो कोई होमवर्क करके फिल्म देखने नहीं आता। उसे एक आसान प्रेम कहानी चाहिए जिसे वो मकई के दानों (पॉपकॉर्न) के साथ पचा सके। ऐसा कर पाने में फिल्म सफल नहीं हो पाती। फिर एक्टर भी कोई सलमान खान नहीं। अनिल कपूर के सुपुत्र को अभी फिल्मी अभिनय सीखने के लिए दो-चार दर्जन प्रेम कहानियों में और काम करना पड़ेगा। क्योंकि यहां डिंग डांग डिंग करती माधुरी की जगह एक मॉडर्न कन्या है जिसे पीरियड फिल्म की नायिका के रूप में पर्दे पर उतारना एक जानलेवा रिस्क से कम कुछ भी नहीं।
बचपन के प्यार पर बनी कहानियां मुझे निजी तौर पर बहुत पसंद हैं। आप उसमें अपनी कोई मीठी-सी याद ढूंढने लगते हैं। कोई लड़की जो तिल के लड्डू शेयर करती होगी, कोई लड़की जो टीचर से आपके लिए झूठ बोलती होगी, कोई लड़की जो अचानक एक दिन बिछड़ जाती होगी। फिर वक्त कभी दोबारा मिलने का मौका देता भी है तो रिश्ता करवट ले चुका होता है। सबके साथ ही ऐसा होता होगा। हम सब किसी न किसी लोककथा के नायक हैं। हमारा बचपन ही हमारी लोककथा है। मगर इस कहानी पर कोई फिल्म बने तो मासूमियत बची रहनी चाहिए, इस बात का हर निर्देशक को ख़याल रखना पड़ेगा।
इस फिल्म की सबसे बड़ी कमज़ोरी यही है कि इसने एक कड़वा सच कहने का साहस दिखाया है। निर्देशक चाहते हैं कि हम ये सच स्वीकार करें। हमारी बचपन वाली प्रेमिका मजबूर तो हो सकती हैं, मगर खलनायिका होना हमें स्वीकार नहीं है।
निखिल आनंद गिरि

गुरुवार, 23 जून 2016

घर

मैं आज छुट्टी पर हूं
मगर इस तरह ही मनाना होगा
जैसे घर का कोई ज़रूरी काम हो

मैं खुश हूं
मगर इस तरह कहना होगा
जैसे घरवालों के साथ
किसी सत्यनारायण कथा में जाने को लेकर खुश हूं

मैं नहा रहा हूं
ये बताने में भी घर का होना ज़रूरी है
खेत या नदी या समंदर में नहाना
एक नौकरी में आने के बाद खामखयाली है।

किसी चलताऊ कवि से पूछिए
वो बिना किसी तर्क के कहेगा-
दुनिया में होने का मतलब
घर में होना होता है।
आपका खाना, पहनना, सुबह से शाम होना
घर के रिमोट से चलता है।

घर इस तरह होता है जीवन में
जैसे बच्चे के मुंह में दूध
दिल्ली के मुंह में गाली
कश्मीर में होती है पुलिस
बुरी फिल्मों में मां
अलां के बाद फलां।

घर के बारे में
इतना सब कुछ अच्छा कहने के बाद भी
नहीं मिल पाती घर में रोने की एक अदद जगह।

रोना फिर भी एक सच है
रोती आंखों के सामने दुनिया एक भ्रम है
भ्रम को इस तरह भी कहा जा सकता है
जैसे आज मेरी प्रेमिका का जन्मदिन है
जो जीवन का हिस्सा है


मगर मेरे घर का हिस्सा नहीं है।

निखिल आनंद गिरि

बुधवार, 23 मार्च 2016

रंग-रंगीला परजातंतर..

एक बीजेपी के घोड़े ने शरीफ से विधायक की टाँग तोड़ दी। बेचारा विधायक लोहे की टांग लेकर घूम रहा है। घोड़ा बीजेपी का है तो मेनका गांधी भी कुछ नहीं बोल रहीं। इसे कहते हैं लोकतंत्र कहते हैं। विधायक की टूटी टांग की तरह लंगड़ा। लंगड़े आम की तरह मीठा।
एक टीम है क्रिकेट खेलने वालों की। मर्दों की। पाकिस्तान से खेले चाहे फुद्दिस्तान से। मीडिया सुबह से टेंट गाड़ के कमेंट्री करता है। क्रिकेट के बाप-दादा सब तंबू गाड़ कर ज्ञान बांटते हैं। असली में जब मैच होता है तो पूरे मर्दों की टीम रन बनाती है 75। हाहाहा। इसे कहते है वर्ल्ड कप। मर्दों वाला। औरतों की टीम खेलती है, हारती है, जीतती है, किसी को फर्क नहीं पड़ता। औरतों के लिए न तो मीडिया के तंबू में जगह है, न तो देश के दिल में। इसी को पत्रकारिता कहते हैं।
एक विधायक हैं बीजेपी के। राजस्थान से सू्ंघकर जेएनयू के कूड़े में से माल गिनते हैं। सिगरेट का टुकड़ा इतना, बीड़ी उतना। कांडम इतना, लड़कियां उतनी। जेएनयू को जनेऊ पहनाना चाहते हैं। पहना दीजिए। जन्माष्टमी भी मनाइए। कन्हैया को भगत सिंह बना दीजिए आपलोग। भगत सिंह के नाम पर एयरपोर्ट तक मत बनाइए।
एक होती है होली। एक होती हैं मालिनी अवस्थी। हर चैनल पर घूम घूम कर गाना गाती हैं। हर चैनल पर। एक होते हैं कुमार विश्वास। हर चैनल पर एक ही लाइन पढ़ते हैं। पाँच-दस-बीस साल गुज़र गए। होली का ये तरीका नहीं बदला। किसी को कविता का मन किया तो चुटकुलेबाज़ों को उठाकर ले आया। व्हाट्सऐप से उठा उठाकर ये चुटकुले सुनाएं चुटकुलेबाज़ कवि भाई लोग, वो चुटकुले सुनाएं कि बाबा नागार्जुन शरमा जाएं, दिनकर की आत्मा कांप जाएं। मंच पर कविता चालू आहे।
बाराखंभा स्टेशन पर रोज सवेरे नौ बजे बाहर निकलता हूं तो सिर झुकाए बूट पॉलिश के लिए कई बच्चे एक साथ 'सर, सर..' कहते रहते हैं। मन करता है मेरे दस जोड़ी जूते होते तो एक साथ सबसे पॉलिश करवा लेता। होली में कुछ रंग उनके भी खिल आएँ। न वो कन्हैया हैं, न मोदी। न वो आज तक हैं, न परसों तक। उन्हें ऐसे ही रहना है बरसों तक।
तब तक जै राष्ट्रभक्ति, जय भारत माता। जय कांय कांय कांय। जो सुर में सुर न मिलाए, उन्हें धांय धांय धांय।

मर्दों को पूरे दिन की होली मुबारक... औरतों को गुझिया बनाने से फुर्सत मिले तो उन्हें भी..

निखिल आनंद गिरि

मंगलवार, 22 मार्च 2016

खोये-से किसी ख़त का लिफाफा हैं बेटियां



 

खुशबू है जिनके दम से, वो फिज़ां है बेटियां
हर घर की बुलंदी का आसमां है बेटियां
उन आंखों में छिपे हैं मोहब्बत के ख़ज़ाने
खोये-से किसी ख़त का लिफाफा हैं बेटियां
जब तक दुआओं में असर है, ज़िंदगी महफूज़
बेटे अगर दवा हैं तो दुआ हैं बेटियां

निखिल आनंद गिरि

शुक्रवार, 1 जनवरी 2016

वो एक साल था, जाने कहां गयां यारो

वो एक साल था, जाने कहां गया यारों
बड़ा बवाल था, जाने कहां गया यारों।
हरेक लम्हे को जीते रहे तबीयत से
भरम का जाल था, जाने कहां गया यारों।
चलो ये साल, नयी बारिशों से लबलब हो
बहुत अकाल था, जाने कहां गया यारों।
बिछड़ के खुश हुआ कि और भी उदास हुआ
बड़ा सवाल था, जाने कहां गया यारों।
जो जा रहा है, कभी लौट के भी आ जाता
यही मलाल था, जाने कहां गया यारों।
नए निज़ाम में सब कुछ नया-नया होगा
हसीं ख़याल था, जाने कहां गया यारों

निखिल आनंद गिरि

शनिवार, 15 अगस्त 2015

खिड़की

खिड़की पर लड़कियां नहीं बैठती
नई दुल्हनें भी नही
पुरुष बैठतें है खिड़कियों पर
यह खिड़की रेलगाड़ी या बस भी हो सकती है
किसी देश की खिड़की
या दुनिया की कोई भी सभ्य खिड़की
खिड़कियों से दुनिया को इस तरह देखें
कितनी बराबर यानी एकरस है।

इस तरह डर लड़की को नहीं 
लड़की के गहनों को भी नहीं।
खिड़की पर बैठा पुरुष डरता है
बाहर के अनजाने पुरुष से
जो खिड़की से हाथ डालकर
कभी भी खींच सकता है
दूसरे पुरुष का सारा दंभ।

खिड़की के बाहर की स्त्रियां
फिलहाल सुरक्षित हैं
दो पुरुषों के आपसी संघर्ष में।
दुनिया चैन से सो रही है
खिड़की पर बैठे पुरुष

जाग रहे हैं बस।

निखिल आनंद गिरि

शुक्रवार, 12 जून 2015

कुछ लोग

सबसे मीठी चाय ज़रूरी नहीं
सबसे अच्छी हो स्वाद में।
सबसे ज़्यादा ज़रूरी नहीं होता
सबसे पहले कहा गया वाक्य
सबसे ऊंची या बार-बार सुनी आवाज़
सबसे सच्ची या गहरी नहीं होती
सबसे ज़्यादा चुप्पी भी हो सकती है।

सबसे ऊंची जगहें नहीं होतीं,
सबसे ज़्यादा हवादार।
सबसे छोटी कील कर देती है
दीवार को आर-पार।
सबसे मज़बूत लोहे भी
खा जाते हैं ज़ंग अक्सर।
सबसे मोटे चश्मे
नहीं देख सकते सबसे दूर तक

सबसे पुरानी किताबों में
लिखा भी न मिले शायद
सबसे भयानक, असभ्य, काले
सबसे गरीब लोगों ने ही
उगाये सबसे पहले अन्न
बनाई सबसे लंबी सड़कें
सबसे ऊंची इमारतें
सबसे प्राचीन और समृद्ध सभ्यताएं।
सबसे ज़्यादा भुला दिए गए कुछ लोग

सबसे अधिक याद आते हैं अक्सर।

निखिल आनंद गिरि

मंगलवार, 10 मार्च 2015

मुझे चांद नहीं, दाग़ चाहिए

पुरानी डायरी में से कुछ दोबारा पढ़ना अलग तरह का अनुभव है। पुराने दुख नए लगते हैं तो आप मुस्कुराने लगते हैं। दुखों की यही ख़ास बात होती है। आपको हरदम ज़िंदा रखते हैं। सुख आलसी बनाते हैं। ज़िंदगी एक पुरानी होती डायरी से ज़्यादा कुछ भी नहीं। 

संसार के पहले दो लोग शायद इसीलिए प्यार कर पाए कि वो एक-दूसरे की नौकरी नहीं करते थे। नौकरी एक कमाल का आविष्कार है। आप एक ख़ास तरह से जीने के लिए तैयार होते जाते हैं। नौकरी में अगर आपसे कोई प्यार से बात कर रहा होता है तो वो एक चाल हो सकती है। नौकरी हमें शक करना सिखाती है। हमारा आना-जाना, मौजूद रहना ज़िंदगी से ज़्यादा एक रजिस्टर का हिस्सा होता है। कुछ लोग पैसा कमाने के लिए नौकरी करते हैं, कुछ लोग घर चलाने के लिए। मगर आखिर तक आते-आते वो सिर्फ नौकरी करते हैं। जैसे प्रेम विवाह या जुगाड़ विवाह कुछ सालों के बाद सिर्फ एक शादी ही होती है।  मुझे वो रिश्ते अक्सर याद आते हैं जो कभी बने ही नहीं। या जो बने और टूट गए, तोड़ दिए गए। शायद इसी को अहंकारी होना कहते हैं। जो नहीं है, उस पर अधिकार जमाने की कसक। 
मुझे चांद नहीं चाहिए। चांद का दाग़ चाहिए। इस तरह से चांद भी चाहिए। मुझे समुद्र की जगह खारापन मांगने वाला एक दिल चाहिए। इस तरह से भी मिलता सागर ही है। मुझे बारिश अच्छी नहीं लगती। गीली छत अच्छी लगती है। इस तरह से बारिश अच्छी लगती है। किसी का नहीं होना भी इतना अच्छा लगता है कि उसके होने की चाह में ज़िंदगी भली-पूरी गुज़ारी जा सकती है।
'कुछ नहीं चाहिए' भी एक तरह का चाहिए ही है। 
मुझे वो मासूमियत चाहिए जो मेरी चार साल की भतीजी के चेहरे पर दिखती है जब वो सबसे पूछती है - 'ये बचपन क्या होता है?'
निखिल आनंद गिरि

शनिवार, 14 फ़रवरी 2015

लौटना

किसी अनमने दोपहर की
लंबी चुप से निकली कई-कई आवाज़ें
अंतरिक्ष से टकराकर लौट आती हैं
सपनों में प्रवेश कर जाती हैं चुपके से
ऐसे ही लौटना है एक दिन।

जैसे लौटता है पलटू महतो
हर तीन फीट की खुदाई के पास
बहुत सारी सांसे लेकर
एक कश बीड़ी के लिए।

जैसे लौटता है पिटकर
भगीरथ डोम
थाने से हलफनामे के बाद
बीवी-बच्चों के लिए
सूजा हुआ समय लेकर।

लौट आती हैं नानी-दादियां
झुर्रियों से पहले वाले दिनों में
छुट्टियां बिताने आए नाती-पोतों के संग।

लौटते हैं अच्छे मौसम
या जैसे रेलगाड़ियां
बेसुध इंतज़ार के बाद।

जैसे लौटती है पृथ्वी
अपनी धुरी पर
युगों की परिक्रमा के बाद।

प्रेमिकाएं लौट आती हैं
कभी-कभी पत्नियों के चेहरे में ।
किसी अकेले कमरे में
लौट आते हैं चुंबन वाले दिन
आईना निहारती बड़ी बहू के।
लौट आता है उधार गया रुपया
किसी परिचित के बटुए से।

देखना हम लौटेंगे एक दिन
उन पवित्र दोपहरों में
तीन दिन से लापता हुई
अचानक लौट आई बकरी की तरह।

जैसे लौटती है आदिवासी औरत
तेंदु की पत्तियां बेचकर
दिन भर की थकन लेकर
अपने परिवार के पास

और लोकगीत मुस्कुराते हैं।

निखिल आनंद गिरि
(पहल पत्रिका में प्रकाशित)

गुरुवार, 18 दिसंबर 2014

पसीने की गंध

मैं भीड़ में पसीने से तर खड़ा था
आपने अचानक कार का दरवाज़ा खोल दिया
मैं थोड़े वक्त आपके साथ हो लिया
जैसे धूल चिपकी होती है चमकीली कार के साथ
जैसे अचानक एसी बंद हो जाने पर
पसीना होता है कलफ वाली कमीज़ के साथ।
जैसे कोई बीमा पॉलिसी बेच रहा एजेंट होता है
आपके एकदम साथ होने का भरम बेचते।
आप खामखा भरम में फूल गए जिस वक्त
कि मैं भी हो जाऊंगा आप जैसा
मैं अपने पसीने की गंध में
परिचय खोज रहा था अपना
मैं जिस भाषा में बात करता हूं
आपके नौकर, ड्राइवर या बहुत हुआ तो
गालियों का ज़ायका बढ़ाने के लिए आप भी,
टिशू पेपर की तरह इस्तेमाल करते हैं।
मेरे साथ लंबा वक्त गुज़ारना मुनासिब नहीं
हालांकि दरकिनार भी नहीं किया जा सकता
जूते पर पालिश की तरह
आपके बंगले तक पहुंचने के लिए
कचरे वाली आखिरी गली की तरह
देश के नक्शे पर उत्तर-पूर्व की तरह
आप सड़क पर गंदगी देखकर उबकाते हैं
ग़रीबी देखकर मुंह बिचकाते हैं
दुख देखकर बुद्ध हुए जाते हैं
सड़क की चीख-पुकार सुनकर
कार का स्टीरियो तेज़ चलाते हैं
मिली के दर्द भरे गाने बजाते हैं।
आपने मेरा पता पूछा था हंसते हुए,
और मैं हंसते हुए टाल गया था
दरअसल, आप जिस दिल्ली में मेरा पता ढूंढेंगे
उस दिल्ली में नहीं मिलते हम जैसे लोग
धूप का चश्मा पहनकर सूरज नहीं ढूंढते
हम दोनों साथ हैं
या हो सकते हैं
ये एक राजनैतिक भ्रम है
समानांतर रेखाएं कभी साथ नहीं हो सकतीं
लेकिन ऐसी रेखाएं होती ज़रूर हैं
जो कभी-कभी आपके माथे पर नज़र आ जाती हैं।


निखिल आनंद गिरि
(कविताओं की पत्रिका 'सदानीरा', मार्च-अप्रैल-मई 2014 अंक में प्रकाशित)

ये पोस्ट कुछ ख़ास है

मृत्यु की याद में

कोमल उंगलियों में बेजान उंगलियां उलझी थीं जीवन वृक्ष पर आखिरी पत्ती की तरह  लटकी थी देह उधर लुढ़क गई। मृत्यु को नज़दीक से देखा उसने एक शरीर ...

सबसे ज़्यादा पढ़ी गई पोस्ट